काराकस: वेनेजुएला के कैरेबियन तट पर बुधवार शाम आए लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों ने पूरे देश में दहशत फैला दी। कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए इन भूकंपों की तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गई, जिससे कई इलाकों में इमारतें ढह गईं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में स्टेट ऑफ इमरजेंसी घोषित कर दिया है।
USGS ने दी भूकंप की जानकारी
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र काराकस से लगभग 168 किलोमीटर पश्चिम में मोरोन तटीय क्षेत्र के पास 22 किलोमीटर की गहराई में था। इसके करीब एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई।
कई इमारतें धराशायी, दहशत में लोग
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई इमारतों के ढहने, दीवारों के गिरने और धूल के विशाल गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं। तेज झटकों के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक इमारतों से बाहर निकल आए। राजधानी काराकस समेत कई शहरों में सड़कें मलबे से भर गईं और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हजारों मौतों की आशंका
USGS ने प्रारंभिक आकलन में आशंका जताई है कि इस भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या हजारों तक पहुंच सकती है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक वेनेजुएला सरकार की ओर से किसी भी तरह के आधिकारिक हताहतों के आंकड़े जारी नहीं किए गए थे।
ब्राज़ील तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर इतना व्यापक था कि इसके झटके केंद्र से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राज़ील के अमेज़न क्षेत्र तक महसूस किए गए। कई शहरों में लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
आफ्टरशॉक के डर से रातभर घरों से बाहर रहे लोग
मुख्य भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक की आशंका के चलते हजारों लोग देर रात तक खुले मैदानों और सड़कों पर डटे रहे। राजधानी के कई हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहा, जबकि मलबे और क्षतिग्रस्त इमारतों के कारण यातायात भी बाधित हुआ।
काराकस एयरपोर्ट पर मची अफरातफरी
भूकंप के दौरान वेनेजुएला के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। वायरल वीडियो में यात्री अपना सामान छोड़कर टर्मिनल से बाहर भागते नजर आए। कुछ लोगों ने झटके थमने तक फूड कोर्ट और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। नुकसान को देखते हुए सरकार ने मुख्य हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया।
राष्ट्रपति ने किया आपातकाल का ऐलान
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में आपातकाल लागू करते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नागरिकों से एकजुट रहने और राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।


