ब्रिटेन में सत्ता परिवर्तन तय! कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद कौन बनेगा नया प्रधानमंत्री?
London: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने बढ़ते राजनीतिक दबाव और पार्टी के भीतर जारी असंतोष के बीच अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। डाउनिंग स्ट्रीट में दिए गए भावुक संबोधन में स्टार्मर ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि दो साल पहले 10 डाउनing स्ट्रीट पहुंचना उनके जीवन का सबसे गर्व का क्षण था और राजनीति में आने का उनका उद्देश्य करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना था। अपनी पत्नी के साथ 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बाहर आए स्टार्मर का समर्थकों ने तालियों और नारों के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफे की घोषणा की।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए स्टार्मर ने अपनी सरकार की कई उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई, मजदूरी दरों में वृद्धि हुई और निवेश में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्टार्मर के अनुसार उनकी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति दी, NHS की वेटिंग लिस्ट कम की, कामगारों और किराएदारों के अधिकारों को मजबूत किया तथा रक्षा बजट में शीत युद्ध के बाद की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी नीतियों की बदौलत लगभग पांच लाख बच्चों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद मिली। उन्होंने कहा, “मैंने हर निर्णय में देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और वेतन वृद्धि लगातार महंगाई दर से अधिक रही है।”
क्यों बढ़ा स्टार्मर पर इस्तीफे का दबाव?
हालांकि, पिछले कई महीनों से कीर स्टार्मर की लोकप्रियता में गिरावट देखी जा रही थी। विपक्ष के साथ-साथ लेबर पार्टी के कई सांसद भी सरकार के कामकाज से असंतुष्ट थे। आलोचकों का आरोप था कि 2024 चुनाव के दौरान किए गए वादों के अनुरूप आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार नहीं हो सका। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब लेबर पार्टी के भीतर से एंडी बर्नहम एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरे। संसदीय सीट जीतने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी नेतृत्व को चुनौती देने का अवसर मिला। इसके अलावा, लेबर पार्टी के 100 से अधिक सांसदों ने सार्वजनिक रूप से स्टार्मर से पद छोड़ने या स्पष्ट समयसीमा घोषित करने की मांग की थी।
ब्रिटेन को मिलेगा एक दशक में सातवां प्रधानमंत्री
कीर स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ही ब्रिटेन एक दशक से कुछ अधिक समय में अपना सातवां प्रधानमंत्री देखने जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व में लगातार हो रहे बदलाव इस बात का संकेत हैं कि ब्रिटिश जनता लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर सरकारों से निराश होती जा रही है। सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ता दबाव, आर्थिक चुनौतियां, महंगाई, आवास संकट और अवैध आप्रवासन जैसे मुद्दे आज भी ब्रिटेन की राजनीति के केंद्र में बने हुए हैं।
Keir Starmer Resignation: आगे क्या होगा?
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब लेबर पार्टी नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू करेगी। नया नेता ही ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री बनेगा। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में लेबर पार्टी के भीतर नेतृत्व की दौड़ और तेज हो सकती है, जिसमें एंडी बर्नहम सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं।


