नई दिल्ली/नागपुर: NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पेपर लीक के आरोपों के बाद 21 जून को आयोजित होने वाली दोबारा परीक्षा से पहले नागपुर के एक छात्र को गलती से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। इस तकनीकी त्रुटि ने छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ा दी है।
नागपुर की जगह मिला अबू धाबी सेंटर
जानकारी के अनुसार, नागपुर के छात्र अब्दुल्लाह ने परीक्षा केंद्र के लिए अपनी पहली तीन पसंद नागपुर, वर्धा और भंडारा चुनी थीं। इसके बावजूद जारी किए गए एडमिट कार्ड में उसे अबू धाबी स्थित परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। एडमिट कार्ड देखने के बाद छात्र और उसके माता-पिता हैरान रह गए।
शिकायत के बाद NTA ने मानी गलती
मामले की जानकारी मिलते ही छात्र के परिवार ने NTA हेल्पलाइन से संपर्क किया। शिकायत के बाद अधिकारियों ने तकनीकी त्रुटि स्वीकार की और परिवार को ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। NTA ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी स्पष्ट किया कि छात्र को जल्द ही नागपुर क्षेत्र में नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा।
परिजनों को मिला नया एडमिट कार्ड जारी होने का भरोसा
छात्र के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने बताया कि एडमिट कार्ड में अबू धाबी सेंटर देखकर पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर संपर्क करने के बाद अधिकारियों ने ईमेल के जरिए शिकायत भेजने को कहा। शिकायत और एडमिट कार्ड की कॉपी भेजने के बाद NTA की ओर से फोन आया और बताया गया कि जल्द नया हॉल टिकट जारी कर दिया जाएगा।
री-एग्जाम से पहले बढ़ी छात्र की चिंता
डॉ. तालिब के अनुसार, पिछले NEET UG परीक्षा में उनके बेटे का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था। उसे नागपुर के सरस्वती विद्यालय, शंकर नगर में परीक्षा केंद्र मिला था और उसने बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा दी थी। परीक्षा रद्द होने के बाद उसने दोबारा मेहनत की, लेकिन इस तरह की तकनीकी गड़बड़ी से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि नया परीक्षा केंद्र नागपुर, वर्धा या भंडारा में मिलता है तो उनका बेटा परीक्षा में शामिल होगा। हालांकि, किसी अन्य दूरस्थ केंद्र के आवंटन की स्थिति में परीक्षा देना मुश्किल हो सकता है।
NTA की व्यवस्था पर उठे सवाल
NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले सामने आई इस घटना ने NTA की परीक्षा प्रबंधन व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अभ्यर्थियों और अभिभावकों का कहना है कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में इस तरह की तकनीकी त्रुटियां छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर सकती हैं।


