दिल्ली के गाजीपुर इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब मयूर विहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे फुटपाथ पर जा गिरी। उस समय फुटपाथ पर 3 से 4 लोग गाजीपुर फूल मंडी से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो एक बुजुर्ग के ऊपर पलट गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पैक कोरम अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले थे और गाजीपुर मंडी में काम करते थे।
कार में थे पांच युवक-युवतियां
पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन युवतियां और दो युवक शामिल थे। सभी की उम्र 22 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
ड्राइवर गिरफ्तार, बाकी फरार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त कार सवार सभी लोग नशे की हालत में थे। दुर्घटना के बाद लोगों ने ड्राइवर को मौके पर पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि ड्राइवर के अलावा कार में मौजूद अन्य चार लोग घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
गाजीपुर में लगातार हो रहे हादसे
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी गाजीपुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एमसीडी टोल प्लाजा के पास एक एसयूवी कार और ट्रक की टक्कर में 55 वर्षीय महिला और उनकी बेटी की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए थे। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


