एटा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम-प्रसंग में उलझे चाची और भतीजे ने एक ही साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह दोनों के शव दूसरे गांव की सीमा में एक पेड़ से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, थाना मलावन क्षेत्र के गांव पुरा निवासी रामेंद्र सिंह के बेटे रमन का अपने ही परिवार की चाची रोशनी से पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों और ग्रामीणों ने कई बार पंचायत कर दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। सामाजिक दबाव के चलते करीब छह महीने पहले रमन की शादी दूसरी लड़की से करा दी गई, इसके बावजूद दोनों का संपर्क बना रहा।
मंगलवार को गांव में दावत के दौरान दोनों मिले और उसके बाद से लापता हो गए। परिजनों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह सूचना मिली कि गांव सरदलगढ़ की सीमा में एक पेड़ पर दो शव लटके हैं। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि दोनों एक ही साड़ी के दोनों सिरों से फंदा बनाकर लटके थे और कमर पर शॉल से एक-दूसरे से बंधे हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, मरने से पहले रमन ने यह कहते हुए रोशनी की मांग में सिंदूर भरा कि “इस जन्म में साथ नहीं हो सके तो अगले जन्म में जरूर होंगे।” इसके बाद दोनों ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतरवाया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। रमन के पास से एक मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और सिंदूर की डिब्बी बरामद हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। रमन इकलौता बेटा था और आगरा रोड स्थित एक ऑटो मोबाइल की दुकान पर काम करता था। उसके परिवार के पास करीब 50 बीघा जमीन है। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन भाई को पुकारती रही और घर में मातम पसरा हुआ है।


