योगी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट, शायराना अंदाज में पेश हुए वित्त मंत्री
लखनऊ में बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का माहौल उस वक्त कुछ अलग ही रंग में नजर आया, जब वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वर्ष 2026-27 का बजट शायराना अंदाज में पेश किया। बजट भाषण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और नेतृत्व की खुले दिल से सराहना की और अपनी बात को शायरी के माध्यम से सदन के सामने रखा।
उन्होंने कहा— “यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है, दिया जला के रोशनी कर दूं जहां अंधेरा है।”
इसके बाद एक और शेर सुनाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रशंसा में कहा—
“सितारा बन के आसमां में वही चमकते हैं, डुबो देते हैं जो अपने आपको पसीने में।”
और अंत में जोड़ दिया—
“काबिले तारीफ है अंदाज एक-एक काम का, गा रहा है गीत यूपी, योगी जी के नाम का।”
9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट
वित्त मंत्री ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.2 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार राजकोषीय अनुशासन और ऋण नियंत्रण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह बजट प्रदेश की 18वीं विधानसभा का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है।
विकास और रोजगार पर फोकस
बजट में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,09,844 रुपये हो गई है, जो 2016-17 की तुलना में दोगुनी से ज्यादा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2025-26 तक इसे 1,20,000 रुपये तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश की जीएसडीपी में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और बेरोजगारी दर घटकर 2.24 प्रतिशत रह गई है। साथ ही उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग सेंटर बन चुका है।


