विकास का महाबजट: इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर हेल्थ और टूरिज्म तक बड़ी सौगात

राजस्थान सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में प्रदेश के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर, जल आपूर्ति, बिजली, शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के लिए बड़े पैमाने पर निवेश का खाका पेश किया है। सरकार का लक्ष्य है कि आधारभूत ढांचे को मजबूत कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित जीवन दिया जाए।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सड़क नेटवर्क को मजबूती
राज्य में नए ब्रिज और सड़क निर्माण के लिए लगभग 1800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नॉन-पैचेबल सड़कों के सुधार के लिए 1400 करोड़ और मिसिंग लिंक सड़कों के लिए 600 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 250 नए अटल प्रगति पथ, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 2000 हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे।
पेयजल संकट से निपटने की ठोस योजना
नई जल नीति लागू की जाएगी और जलदाय विभाग में 3000 संविदा तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती होगी।
सीएम जल जीवन मिशन के तहत 6500 गांवों को हर घर नल से जोड़ने के लिए 4500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहरी क्षेत्रों में भी नए कनेक्शन और पाइपलाइन नेटवर्क पर बड़ा निवेश किया जाएगा।
बिजली व्यवस्था होगी स्मार्ट
प्रदेश में नए 220 केवी, 132 केवी और 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
बीकानेर और जैसलमेर में बड़े सोलर पार्क बनाए जाएंगे। वहीं, अजमेर डिस्कॉम सेंटर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ा जाएगा ताकि रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके।
सिग्नल-फ्री शहर और मजबूत शहरी ढांचा
प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों को चरणबद्ध तरीके से सिग्नल-फ्री बनाया जाएगा।
जयपुर के विकास कार्यों सहित कुल 2300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 28 लाख परिवारों को आवास सहायता मिलेगी और 5000 से अधिक नई स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
शिक्षा पर विशेष ध्यान
2500 से ज्यादा स्कूलों की मरम्मत, जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण और सभी स्कूलों में शौचालय निर्माण पर सैकड़ों करोड़ खर्च होंगे।
स्कूली बच्चों को खेल किट और “जादुई पिटारा” उपलब्ध कराने के लिए 323 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए ‘राज सुरक्षा योजना’ शुरू होगी।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए ‘राज ममता कार्यक्रम’ के तहत जिला अस्पतालों, कॉलेजों और ग्राम पंचायत स्तर तक सेवाएं पहुंचेंगी।
जयपुर के जेके लॉन अस्पताल में नया आईपीडी टॉवर और नियोनेटल आईसीयू बनेगा।
पर्यटन विकास को नई उड़ान
राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जैसलमेर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट शुरू होंगे।
- जैसलमेर के खुड़ी क्षेत्र में अल्ट्रा लग्जरी टूरिज्म जोन
- कुलधरा में नया पर्यटन केंद्र
- पश्चिमी जिलों को जोड़कर थार सांस्कृतिक सर्किट
- पुष्कर और खाटू श्याम में श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रवेश द्वार
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भरतपुर में बृज कन्वेंशन सेंटर और झुंझुनूं में वॉर म्यूजियम की घोषणा की।


