कर्नाटक के बीदर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक 25 वर्षीय विवाहिता ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि बेटी को उसके पति और ससुराल वालों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उस पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा था। इस संबंध में बसवकल्याण थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पति, सास और ससुर के खिलाफ शिकायत
मृतका की पहचान अंजनबाई शेखर पाटिल के रूप में हुई है। पिता विजय कुमार की शिकायत पर अंजनबाई के पति शेखर पाटिल, सास अरुणाबाई और ससुर चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार, अंजनबाई की शादी साल 2022 में शेखर से हुई थी। शेखर पानीपुरी बेचने का काम करता था और अक्सर देर रात घर लौटता था। जब अंजनबाई ने इस पर आपत्ति जताई तो पति से झगड़े होने लगे। पिता का कहना है कि सास-ससुर भी उसे ताने मारते थे और छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करते थे।
अवैध गतिविधियों में धकेलने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अंजनबाई ने फोन पर अपने माता-पिता को बताया था कि उसकी सास के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हैं और वह उस पर भी इसी तरह के काम में शामिल होने का दबाव बना रही थी। इस वजह से अंजनबाई मानसिक तनाव में थी।
पुलिस जांच में जुटी
पिता का आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।


