उत्तरी नाइजीरिया के कानो राज्य में रविवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 30 लोगों की जान चली गई। यात्रियों और माल से भरा एक ट्रक तेज रफ्तार में राजमार्ग पर जा रहा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गेजावा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के क्वानार बार्डे कस्बे के पास हुआ। बताया गया है कि चालक की लापरवाही के कारण ट्रक से नियंत्रण छूट गया, जिसके चलते यह दुर्घटना घटी। ट्रक कानो के गुजुंगु कस्बे की ओर जा रहा था और उसमें कई यात्री तथा सामान लदा हुआ था।
राज्य सरकार के अनुसार, हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। कानो राज्य के गवर्नर के कार्यालय ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। बयान में कहा गया कि यह हादसा न केवल पीड़ित परिवारों बल्कि पूरे राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।


