फतेहाबाद कस्बे में रविवार को जल सहेलियों के विशाल दल का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर जल सहेलियों ने लोगों को नदी संरक्षण और स्वच्छता का महत्व समझाया। शाम होते ही उनका जत्था आगरा की ओर रवाना हो गया। जिला जालौन के पचनद क्षेत्र से निकली लगभग एक हजार जल सहेलियां यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण के उद्देश्य से 500 किलोमीटर की पदयात्रा पर हैं। यह यात्रा दिल्ली के वासुदेव घाट तक जाएगी। “अविरल निर्मल यमुना यात्रा” के तहत यह दल प्रतिदिन करीब 15 से 17 किलोमीटर की दूरी तय कर रहा है।
जल सहेलियों का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाना, यमुना के घाटों को साफ-सुथरा रखना और नदी से जुड़े गांवों के लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत बचाने के लिए प्रेरित करना है। यह पदयात्रा 29 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगी, जिसमें विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


