पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को एक लॉ कॉलेज में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। क्लासरूम के अंदर एक युवक ने पहले एक छात्रा को गोली मार दी और उसके बाद खुद को भी उसी हथियार से शूट कर लिया। इस खौफनाक वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जो नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थी। वहीं आरोपी युवक का नाम प्रिंस राज सिंह बताया जा रहा है, जो गांव मालियां का निवासी था और इसी कॉलेज में पढ़ता था। घटना के समय क्लास में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही छात्राएं घबराकर बाहर की ओर भागीं। कुछ ही मिनटों में पूरा कॉलेज परिसर दहशत के साए में आ गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि युवक हथियार लेकर कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंच गया। कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया गया है कि आरोपी ने पहले छात्रा के सिर में गोली मारी, फिर पिस्टल को दोबारा लोड कर अपनी कनपटी पर गोली चला ली।
परिवार का आरोप – कॉलेज प्रशासन गायब
घटना के बाद जब संदीप कौर का परिवार कॉलेज पहुंचा तो उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन मौके से गायब है और किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतका को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सील कर दिया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों, दोनों के आपसी संबंध और हथियार की सप्लाई से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।


