महंगाई काबू में, ग्रोथ मजबूत: RBI ने दरों को यथावत रखा
भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति की ताजा समीक्षा में ब्याज दरों को लेकर कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि रेपो रेट 5.25 प्रतिशत पर ही बना रहेगा। इसका मतलब है कि फिलहाल होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन जैसी सुविधाओं पर ग्राहकों को ब्याज दरों में किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।
MPC का रुख अब भी तटस्थ
भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने अपना स्टांस ‘Neutral’ बनाए रखा है। इससे संकेत मिलता है कि भविष्य में आर्थिक परिस्थितियों के अनुसार ब्याज दरों में कटौती या बढ़ोतरी दोनों विकल्प खुले हुए हैं।
अन्य दरों में भी कोई बदलाव नहीं
रेपो रेट के साथ-साथ SDF (स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी) को 5 प्रतिशत और MSF (मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी) को 5.50 प्रतिशत पर यथावत रखा गया है।
अर्थव्यवस्था पर भरोसा
गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि भारत विदेशी निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बना हुआ है। उनके मुताबिक, देश की आर्थिक स्थिति मजबूत है और रियल जीडीपी ग्रोथ 7.4 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से भारत के निर्यात को नई गति मिलने की संभावना है।
महंगाई अभी नियंत्रण में
आरबीआई के अनुसार महंगाई फिलहाल काबू में है। वित्त वर्ष 2026 के लिए खुदरा महंगाई अनुमान को 2.1 प्रतिशत रखा गया है। चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में महंगाई 3.2 प्रतिशत तक रह सकती है, जबकि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 4 प्रतिशत और दूसरी तिमाही में 4.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।


