नई दिल्ली/इंफाल: मणिपुर में लंबे समय से लागू राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर दिया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। गौरतलब है कि राज्य में बीते वर्ष फरवरी में लगातार हिंसा और अस्थिर हालात के चलते राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। अब राजनीतिक स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में नई सरकार का गठन होने जा रहा है। सिंह आज शाम छह बजे लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह को लेकर सुबह से ही तैयारियां जोरों पर हैं।
बीजेपी की मणिपुर इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि खेमचंद सिंह के नेतृत्व में राज्य शांति, विकास और सुशासन की ओर आगे बढ़ेगा, जिससे मणिपुर में स्थिरता और प्रगति का नया अध्याय शुरू होगा।
इससे पहले 62 वर्षीय खेमचंद सिंह ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ एनडीए का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था, जिसमें चुराचांदपुर और फेरजॉल जैसे कुकी-जो बहुल जिलों के दो विधायक शामिल थे। मंगलवार को खेमचंद सिंह को पहले बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, इसके बाद उन्हें एनडीए विधायक दल का भी नेता घोषित किया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सिंह के साथ कुल पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।


