आगरा मंडल में होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया गया है। जिले के सचल दलों के साथ-साथ शासन स्तर से नामित अधिकारी भी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि आगरा मंडल के लिए राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक के रूप में राज्य परियोजना कार्यालय सर्व शिक्षा अभियान, लखनऊ के अपर परियोजना निदेशक राजेंद्र प्रसाद को तैनात किया गया है। वहीं जिला स्तर पर डायट फिरोजाबाद के प्राचार्य वरुण कुमार सिंह को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, फिरोजाबाद में डायट मैनपुरी के प्राचार्य मनमोहन शर्मा, मैनपुरी में डायट कन्नौज के प्राचार्य अमित कुमार तथा मथुरा जनपद में सहायक निदेशक समग्र शिक्षा, लखनऊ के मनोज कुमार को जिला स्तरीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि मंडलीय और जनपदीय पर्यवेक्षक जिलाधिकारी एवं मंडलायुक्त के साथ समन्वय कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। विशेष रूप से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, वॉइस रिकॉर्डिंग सिस्टम और परीक्षा केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
आगरा में कुल पांच सचल दल गठित किए गए हैं। पहला दल संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के नेतृत्व में, दूसरा मंडलीय वित्त एवं लेखाधिकारी राजेश कुमार, तीसरा मंडलीय उप शिक्षा निदेशक मनोज गिरि, चौथा डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव और पांचवां दल जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर के नेतृत्व में कार्य करेगा। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बताया कि 5 फरवरी को दोपहर दो बजे एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई जा सके।


