14 C
Agra
Homeखेलएलेना रिबाकिना ने रचा इतिहास, आर्यना सबालेंका को हराकर जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन...

एलेना रिबाकिना ने रचा इतिहास, आर्यना सबालेंका को हराकर जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब

रॉड लेवर एरिना में रिबाकिना का जलवा, दुनिया नंबर 1 सबालेंका को दी मात

एलेना रिबाकिना ने शनिवार, 31 जनवरी को रॉड लेवर एरिना में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हराकर अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब अपने नाम किया। यह जीत उनके लिए खास रही, क्योंकि उन्होंने 2023 के फाइनल में मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। पहले सेट में रिबाकिना ने आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन करते हुए सबालेंका पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने सटीक सर्विस और आक्रामक रिटर्न के दम पर सबालेंका की सर्विस तोड़ी और खुद एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं गंवाया, जिससे सेट 6-4 से उनके पक्ष में रहा।

दूसरे सेट में मुकाबला और कड़ा हो गया। दोनों खिलाड़ियों ने जोरदार शॉट्स के साथ एक-दूसरे को चुनौती दी। हालांकि, इस बार सबालेंका ने संयम बनाए रखा और निर्णायक क्षण पर बढ़त हासिल की। 5-4 की बढ़त पर उन्हें तीन ब्रेक प्वाइंट मिले, जिनमें से पहला ही भुनाकर उन्होंने सेट अपने नाम कर लिया और मैच बराबरी पर ला खड़ा किया। तीसरा और निर्णायक सेट पूरी तरह रोमांच से भरा रहा। शुरुआत में सबालेंका ने अपनी सर्विस बचाई और फिर शानदार बैकहैंड के सहारे रिबाकिना की सर्विस तोड़ दी। लेकिन कजाख खिलाड़ी ने भी जबरदस्त वापसी करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।

सेट के निर्णायक मोड़ पर रिबाकिना ने एक बार फिर सबालेंका की सर्विस ब्रेक कर 4-3 की बढ़त बना ली, जिससे शीर्ष वरीय खिलाड़ी दबाव में आ गईं। हालांकि सबालेंका ने अपनी अगली सर्विस गेम बचा ली, लेकिन वे रिबाकिना की मजबूत सर्विस को भेद नहीं सकीं। आखिरकार, रिबाकिना ने शानदार संयम दिखाते हुए मैच जीतकर अपना पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब हासिल कर लिया। इस जीत के साथ रिबाकिना ने एक खास उपलब्धि भी दर्ज की। वह मारिया शारापोवा के बाद ऐसी खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला एकल खिताब जीतने की राह में शीर्ष छह में से तीन खिलाड़ियों को हराया है। उनकी यह जीत महिला टेनिस में उनकी बढ़ती ताकत और आत्मविश्वास का प्रमाण मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments