20.4 C
Agra
Homeदेशकर्ज, कलह और कत्ल: कमांडो काजल केस में परिवार के दावों से...

कर्ज, कलह और कत्ल: कमांडो काजल केस में परिवार के दावों से जांच ने पकड़ी नई दिशा

पेपर लीक कनेक्शन का दावा: कमांडो काजल मर्डर केस में सनसनीखेज मोड़

दिल्ली पुलिस की कमांडो काजल की हत्या का मामला लगातार नए खुलासों के साथ और पेचीदा होता जा रहा है। परिवार की ओर से लगाए गए ताज़ा आरोपों ने इस सनसनीखेज वारदात को नया मोड़ दे दिया है। परिजनों का कहना है कि काजल को अपने पति अंकुर चौधरी की एक कथित पेपर लीक प्रकरण में संलिप्तता की जानकारी थी और इसी राज के सामने आने के डर से उसकी हत्या की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दंपती के बीच आर्थिक मुद्दों को लेकर अक्सर तनाव रहता था। बताया जा रहा है कि दोनों ने द्वारका मोड़ इलाके में 27 लाख रुपये का फ्लैट लोन पर खरीदा था और उसकी किस्तें चुका रहे थे। इसी बीच दोनों के अपने-अपने परिवारों को आर्थिक मदद देने को लेकर कई बार विवाद होता था।

घटना से पहले भी अंकुर द्वारा अपने भाई की परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए पैसे देने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ गई कि हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान अंकुर ने डंबल से हमला कर काजल की जान ले ली। परिवार का दावा है कि यह हत्या अचानक गुस्से में नहीं, बल्कि एक छिपे हुए राज के कारण की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद अंकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि काजल उसके परिवार के साथ नहीं रहना चाहती थी, जिसके चलते उन्होंने अलग फ्लैट लिया। वहीं, आर्थिक दबाव के चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अंकुर का नाम उत्तर प्रदेश के एक पेपर लीक मामले से जुड़ा रहा है। काजल को जब इस नेटवर्क की जानकारी हुई, तो वह इसका जिक्र भी करने लगी थी। काजल के भाई के अनुसार, वह मजाक में कहती थी कि अगर उसने सच उजागर कर दिया तो कई लोग मुश्किल में पड़ जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में पेपर लीक कनेक्शन से जुड़ा कोई ठोस सबूत सामने आता है, तो उस पहलू को भी गंभीरता से खंगाला जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments