राजधानी लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने प्रदेशवासियों और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने संविधान की 76 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद भारत ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूती दी है। उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक राष्ट्रीय एकता और अखंडता के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए देश एक नए भारत की ओर अग्रसर है।
सीएम योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण किया। साथ ही उन्होंने प्रथम राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद, संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल और महान क्रांतिकारी सुभाषचंद्र बोस को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के त्याग और बलिदान से ही भारत स्वतंत्र हुआ और आज लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ रहा है।


