मेक्सिको के गुआनाजुआतो प्रांत के सलामांका शहर में फुटबॉल मैदान उस वक्त दहशत का अड्डा बन गया, जब मैच खत्म होते ही अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस भयावह हमले में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, गोलीबारी इतनी अचानक और तेज़ थी कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई। एक अन्य घायल ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में एक महिला और एक नाबालिग बच्चा भी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
मेयर ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार
सलामांका के मेयर सीजर प्रीटो ने इस हमले को लेकर गहरा दुख जताया है। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम से तुरंत हस्तक्षेप और सहायता की मांग की है। मेयर ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ आपराधिक गिरोह स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन शहर ऐसे तत्वों के आगे झुकने वाला नहीं है।
जांच तेज, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद राज्य पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि हालात पर काबू पाया जा सके।
हिंसा से जूझता गुआनाजुआतो
गौरतलब है कि गुआनाजुआतो लंबे समय से गिरोहों की हिंसा से प्रभावित रहा है। बीते साल यह राज्य पूरे मेक्सिको में सबसे अधिक हत्याओं के लिए कुख्यात रहा। यहां स्थानीय आपराधिक गिरोह सांता रोजा डी लीमा और जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के बीच लगातार खूनी संघर्ष होता रहा है। हालांकि, सरकार का दावा है कि साल 2025 में देशभर में हत्या की दर 2016 के बाद सबसे कम रही है, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ज़मीनी हालात इन आंकड़ों से कहीं ज्यादा गंभीर हैं।


