20.4 C
Agra
Homeदेशराष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: पहली बार वोट देना...

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पीएम मोदी का संदेश: पहली बार वोट देना भी बने जश्न

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि गर्व और जिम्मेदारी का उत्सव है, जिसे पूरे उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने ‘माई भारत (MY-Bharat)’ के स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए एक पत्र लिखा, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। पत्र में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो उस पल को खास बनाया जाए।

लोकतंत्र की जननी है भारत

अपने संदेश में पीएम मोदी ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताते हुए कहा कि हमें इस बात पर भी गर्व होना चाहिए कि भारत लोकतंत्र की जननी है। लोकतांत्रिक मूल्य, संवाद और बहस भारतीय संस्कृति की आत्मा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 1951-52 में हुए पहले आम चुनाव को अब 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं, जिसने पूरी दुनिया को भारत की लोकतांत्रिक शक्ति का परिचय कराया।

मतदाता होना गर्व के साथ जिम्मेदारी भी

प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाता होना केवल एक विशेषाधिकार नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने की जिम्मेदारी है। मतदान के समय उंगली पर लगने वाली अमिट स्याही लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों की भागीदारी का प्रतीक है। एक वोट देश की दिशा बदलने की ताकत रखता है।

पहली बार वोट देने वालों का करें स्वागत

पीएम मोदी ने खास तौर पर पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का ऐतिहासिक क्षण होता है। ऐसे युवाओं का लोकतंत्र में खुले दिल से स्वागत होना चाहिए, क्योंकि उनमें देश का भविष्य गढ़ने की क्षमता होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार, मोहल्ले, अपार्टमेंट, स्कूल और कॉलेज स्तर पर नए मतदाताओं के सम्मान में छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, मिठाई बांटी जाए और उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी का अहसास कराया जाए। हर साल 25 जनवरी — राष्ट्रीय मतदाता दिवस — ऐसे आयोजनों के लिए एक बेहतरीन अवसर है।

चुनाव: प्रबंधन नहीं, लोकतंत्र का उत्सव

प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर चुनाव कराना जहां एक बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि है, वहीं भारत के लिए यह लोकतंत्र का महापर्व भी है। हिमालय की चोटियों से लेकर द्वीपों, रेगिस्तान और जंगलों तक रहने वाले नागरिक हर हाल में मतदान कर यह साबित करते हैं कि उनकी आवाज मायने रखती है।

युवाओं और नारी शक्ति से खास अपील

पीएम मोदी ने कहा कि समावेशी लोकतंत्र के लिए महिलाओं, खासकर युवा महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उनकी सक्रियता ने भारतीय लोकतंत्र को और मजबूत किया है। उन्होंने युवाओं से ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ प्लेटफॉर्म से जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि आज की युवा पीढ़ी “Can Do” की भावना के साथ देश को आगे बढ़ाने का माद्दा रखती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments