कैंसर, हार्मोन और विटामिन जांच अब एक छत के नीचे, मेडिकल कॉलेज को मिली नई सौगात
अब गंभीर बीमारियों की जांच के लिए लोगों को निजी लैब्स के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब की शुरुआत कर दी गई है। गुरुवार को विधायक मनीष असीजा ने करीब 67.63 लाख रुपये की लागत से बनी इस लैब का लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि नई लैब के शुरू होने से मरीजों को अब एक ही जगह हार्मोन, विटामिन और कैंसर जैसी जटिल जांचों की सुविधा मिलेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
लैब में क्रायोस्टेट मशीन के माध्यम से फ्रोजन सेक्शन जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे यह तुरंत पता लगाया जा सकेगा कि कैंसर शरीर में कितनी दूर तक फैल चुका है। इसके अलावा इम्युनो फ्लोरोसेंस मशीन की सुविधा भी अब मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध होगी। शरीर से जुड़े सभी प्रमुख हार्मोन और विटामिन की प्रोफाइलिंग एक ही स्थान पर संभव हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. योगेश गोयल, सीएमएस डा. नवीन जैन सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और स्टाफ मौजूद रहे।
जिला अस्पताल को लेकर सियासत गरमाई
इधर, कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल की अलग पहचान को लेकर नाराजगी जताई है। कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने साथियों के साथ कहा कि स्वशासी मेडिकल कॉलेज बनने के बाद जिला अस्पताल लगभग समाप्त हो गया है। इसका खामियाजा शहर और ग्रामीण इलाकों के मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन और जांच के लिए शुल्क लिया जा रहा है, जबकि जिला अस्पताल में ये सेवाएं पहले मुफ्त थीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला अस्पताल को अलग से स्थापित नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।


