उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 110 के पास बांदा से दिल्ली जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि बस कुछ ही मिनटों में धू-धूकर जलने लगी। जान बचाने के लिए यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से छलांग लगा दी। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना राया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। बस (संख्या UP-90 AT 8837) में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बस के फिटनेस और कागजात पूरे थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। बाद में जली हुई बस को सड़क से हटवा दिया गया ताकि यातायात बाधित न हो।
बस में इजाज, अतुल, श्याम सिंह, सोनू, सरोज, उमा, अजय सोनी, शिवानी, आरती और दयाराम सहित कई यात्री मौजूद थे। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर में कानपुर के पास भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां दिल्ली-वाराणसी स्लीपर बस में आग लगने पर यात्रियों को चलती बस से कूदकर जान बचानी पड़ी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने लंबी दूरी की बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


