निजी अस्पताल की कथित लापरवाही से गई महिला की जान, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

आगरा के आगरा में थाना एत्माद्दौला क्षेत्र अंतर्गत ट्रांस यमुना फेस-2 स्थित उत्तम हॉस्पिटल में ऑपरेशन के जरिए प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय रहते न तो उचित इलाज किया और न ही सही समय पर रेफर किया। हालात बिगड़ने पर महिला को फतेहाबाद स्थित जीएम हॉस्पिटल भेजा गया, जहां पहले भर्ती करने से मना कर दिया गया। बाद में डॉक्टरों के आपसी संपर्क के बाद भर्ती तो किया गया, लेकिन करीब 15 मिनट के भीतर ही महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका के पति रेशू भदौरिया ने बताया कि उनकी पत्नी माला भदौरिया को बुधवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर उत्तम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब 12 बजे ऑपरेशन से डिलीवरी कराई गई, जिसमें नवजात बेटी का जन्म हुआ। इसके कुछ समय बाद ही माला की हालत बिगड़ने लगी। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ मौके से गायब मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


