उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मानपुर स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार को प्रेम विवाह से जुड़ा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पंचायत से पहले ही लड़की के परिजनों ने युवक के परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें युवक के बहनोई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी अर्जुन ने कुछ महीने पहले गौरी से प्रेम विवाह किया था। यह शादी गौरी के पिता रामू को मंजूर नहीं थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था और आए दिन कहासुनी हो रही थी।
रविवार को विवाद सुलझाने के लिए एआरटीओ कार्यालय के पास स्थित दरगाह पर पंचायत तय हुई थी। अर्जुन और उसके परिवार के अधिकतर सदस्य पंचायत में शामिल होने गए थे। इसी दौरान आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने अर्जुन के घर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंट-पत्थर फेंकने लगे। शोर सुनकर कॉलोनी में रहने वाले अर्जुन के बहनोई साहिबा (35) बीच-बचाव के लिए पहुंचे। तभी हमलावरों ने उन पर चाकू और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। साहिबा की चीख-पुकार सुनकर उनके साले सुरजीत मदद के लिए दौड़े, लेकिन उन पर भी चाकू से हमला किया गया।
घायल अवस्था में दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिबा को मृत घोषित कर दिया। सुरजीत का इलाज जारी है। घटना की खबर फैलते ही गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर बाद में जाम खुलवाया गया और शव को मोर्चरी भेजा गया। मृतक के परिजन राजा की तहरीर पर रामू और उसके भतीजे अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


