9.9 C
Agra
Homeदेशनए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड से, उत्तर भारत कोहरे और...

नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड से, उत्तर भारत कोहरे और शीतलहर की गिरफ्त में

पहाड़ों से मैदान तक ठंड का कहर, कई राज्यों में कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

नए साल की शुरुआत देशभर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों तक ठिठुरन महसूस की गई। कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं मौसम विभाग ने अलग-अलग हिस्सों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर और आसपास के पर्वतीय इलाकों में बारिश और भारी बर्फबारी से ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और रात के समय कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पहले उत्तर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के आसपास सक्रिय था, जो अब पंजाब और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। इसके असर से उत्तर भारत में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश व बर्फबारी दर्ज की गई है। हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण ने इस सिस्टम को और ज्यादा प्रभावी बना दिया है।

पूर्वानुमान के अनुसार 2 और 3 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक कोहरे और घने कोहरे की चेतावनी दी है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में बहुत घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार इस साल मध्य और पूर्वी भारत में शीतलहर के दिन सामान्य से अधिक रह सकते हैं। मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और विदर्भ-मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में जनवरी के दौरान एक से तीन अतिरिक्त शीतलहर वाले दिन देखने को मिल सकते हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत को छोड़कर देश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान औसत से नीचे बना रहेगा। साल के पहले दिन जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और डलहौजी में सीजन का पहला हिमपात दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मुंबई में लोगों ने नए साल का जश्न बारिश की फुहारों के बीच मनाया, जबकि राजस्थान और तमिलनाडु में भी बारिश हुई। दिल्ली में 5 जनवरी तक शीतलहर जारी रहने और 6 जनवरी तक घने कोहरे की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर की स्थिति तब मानी जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाए। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।

पंजाब में इस मौसम की पहली बारिश के साथ तापमान सामान्य से करीब 3.8 डिग्री नीचे चला गया। लुधियाना, पटियाला और गुरदासपुर में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य में शुक्रवार और शनिवार के लिए बेहद घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अमृतसर एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं, वहीं कई ट्रेनें भी घंटों लेट रहीं। हिमाचल प्रदेश में नए साल का स्वागत बारिश और बर्फबारी के साथ हुआ। डलहौजी, शिकारी देवी, कमरुनाग, त्रियुंड और हिमानी चामुंडा में सीजन की पहली बर्फ गिरी। शिमला, कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी हुई। खराब मौसम के चलते कांगड़ा में हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं और राज्य में दिन के तापमान में करीब आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments