म्लाबा की जोरदार छलांग, नंबर-1 बनने से बस एक कदम दूर
ICC ने 9 दिसंबर को अपडेटेड महिला T20I रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें साउथ अफ्रीका की खिलाड़ी छाई हुई नजर आ रही हैं। खास तौर पर बाएं हाथ की स्पिनर नॉनकुलुलेको म्लाबा ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टॉप गेंदबाजों की सूची में जोरदार एंट्री मारी है और अब वह नंबर-1 रैंक के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं।
आयरलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की T20 सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में म्लाबा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 11.33 की औसत से तीन विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन का सीधा फायदा रैंकिंग में देखने को मिला और वह चार पायदान की छलांग लगाकर अब गेंदबाजों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गई हैं।
नंबर-1 रैंक खतरे में
25 वर्षीय म्लाबा के अब 705 रेटिंग पॉइंट हो गए हैं और वह मौजूदा शीर्ष गेंदबाज, ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड, से केवल 31 अंकों पीछे हैं। आने वाले मैचों में अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा, तो वह नंबर-1 बनने का इतिहास रच सकती हैं। वहीं, भारत की दीप्ति शर्मा और पाकिस्तान की सादिया इकबाल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं, जिनके 732-732 रेटिंग पॉइंट हैं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन चौथे और लॉरेन बेल पांचवें स्थान पर काबिज हैं।
टॉप-10 में कई खिलाड़ियों को झटका
म्लाबा की तरक्की से टॉप-10 में शामिल कई गेंदबाजों के पद गिर गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वेयरहम (अब 7वां), इंग्लैंड की चार्ली डीन (8वां), वेस्टइंडीज की एफी फ्लेचर (9वां) और पाकिस्तान की नसरा संधू (10वां) को एक-एक स्थान नीचे खिसकना पड़ा है।
दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ियों को भी फायदा
आयरलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में साउथ अफ्रीका की 2-0 की बढ़त का असर अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग पर भी पड़ा है। नादिन डी क्लर्क ने दो मैचों में चार विकेट चटकाकर दो स्थान ऊपर चढ़ते हुए 45वीं रैंक हासिल की। वहीं क्लोए ट्रायन ने 12 पायदान की छलांग लगाकर 49वां स्थान अपने नाम किया।
बल्लेबाजी रैंकिंग में बेथ मूनी की बादशाहत जारी
बल्लेबाजों में हालांकि स्थिति स्थिर है। ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी नंबर-1 पर कायम हैं। लेकिन साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने आयरलैंड के खिलाफ नाबाद 115 रन और 22 रन की शानदार पारियों के साथ अपनी चुनौती मजबूत कर दी है। अब वह मूनी से केवल 50 रेटिंग पॉइंट पीछे रह गई हैं और टॉप-5 में मजबूती से जमी हुई हैं।


