वियतनाम का मध्य क्षेत्र इन दिनों भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश ने यहां भारी बाढ़ और भूस्खलन को जन्म दिया, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक 41 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

52 हजार घर जलमग्न, हजारों लोग विस्थापित
बारिश का कहर इतना गहरा रहा कि लगभग 52,000 से अधिक घर पूरी तरह पानी में डूब गए। स्थिति बिगड़ने पर करीब 62,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई इलाकों में लोग अपने डूबे घरों की छतों पर फंसे हुए थे, जिन्हें बचाने का काम जारी है।
पिछले तीन दिनों में कुछ हिस्सों में 150 सेमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
कॉफी उत्पादन वाला प्रमुख इलाका भी प्रभावित
यह क्षेत्र वियतनाम के प्रमुख कॉफी उत्पादक ज़ोन में आता है और पर्यटन के लिए भी प्रसिद्ध है। लेकिन इस आपदा ने यहां की व्यवस्था को बुरी तरह चरमरा दिया है। पर्यावरण मंत्रालय ने पुष्टि की है कि 6 प्रांतों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
भूस्खलन से सड़कें बंद, 10 लाख घरों में बिजली गुल
लगातार हो रहे लैंडस्लाइड ने कई मुख्य सड़कों को बंद कर दिया है। इसके कारण राहत और बचाव कार्य भी कठिन हो गया। इसी के साथ करीब 10 लाख घरों में बिजली सप्लाई ठप हो चुकी है।
अब ‘टाइफून कल्मेगी’ का खतरा मंडराया
इस बीच, एक और चिंता बढ़ गई है। वियतनाम न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक Typhoon Kalmaegi तेजी से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही मध्य वियतनाम में लैंडफॉल कर सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ह्यू से डाक लाक तक के तटीय इलाकों में जलस्तर 0.3 से 0.6 मीटर तक बढ़ सकता है।
भारी बारिश की आशंका, अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा
चक्रवाती तूफान से और ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे छोटी नदियों–नालों में अचानक बाढ़, पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन और शहरों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका है।


