नीतीश कुमार ने 10वीं बार संभाली बिहार की कमान, गांधी मैदान में शपथ ग्रहण

पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर इतिहास बना। जनता दल (यू-नाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। पटना के प्रतिष्ठित गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
74 वर्षीय नीतीश कुमार ने पहली बार वर्ष 2000 में मुख्यमंत्री पद संभाला था, हालांकि उस समय उनकी सरकार महज़ 8 दिनों में गिर गई थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक वे लगातार सत्ता में बने रहे। 2014 के लोकसभा चुनावों में खराब नतीजों के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया, लेकिन कुछ ही महीनों बाद वे फिर मुख्यमंत्री पद पर लौट आए। जनवरी 2024 में एनडीए में शामिल होने के बाद उन्होंने पिछली बार शपथ ली थी।
सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बने उपमुख्यमंत्री
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बीजेपी नेताओं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने एक बार फिर उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके अलावा कई नए और पुराने चेहरों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार, नितिन नबीन, लेसी सिंह, दीपक प्रकाश, मदन साहनी, राम कृपाल यादव और अन्य नेता शामिल रहे।
साथ ही, वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रावण कुमार, मंगल पांडे, डॉ. दिलीप जायसवाल और अशोक चौधरी भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने।
शपथ स्थल पर दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण चेहरे शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए के शीर्ष नेता समारोह का हिस्सा बने।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, गोवा के प्रमोद सावंत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहे। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी अपने पिता को 10वीं बार शपथ लेने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि जनता ने उनकी उम्मीदों से कहीं अधिक समर्थन दिया है।


