नालंदा में दहेज की आग में जली गर्भवती महिला, ससुराल पक्ष फरार
बिहार के नालंदा जिला में दहेज की लालच ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। यहां ससुराल पक्ष पर आरोप है कि सोने की चेन न मिलने से नाराज़ होकर उन्होंने अपनी गर्भवती बहू को जिंदा जला दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
यह मामला थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरमा गांव का है। मृतका की पहचान स्तुति कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, स्तुति की शादी करीब नौ महीने पहले मेहतरमा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ मणिकांत से हुई थी। विवाह के समय सोने की चेन देने की बात तय हुई थी, लेकिन यह मांग पूरी नहीं हो सकी।
परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर ससुरालवाले लगातार स्तुति को प्रताड़ित कर रहे थे। कुछ दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। बताया जा रहा है कि स्तुति दो महीने की गर्भवती थी। घटना वाले दिन पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल के सभी सदस्य फरार हो चुके थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इस मामले में डीएसपी हिलसा शैलजा कुमारी ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


