सुपौल जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इलाके में खलबली मचा दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कथित तौर पर एक युवक की जबरन शादी कराए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसे लोग पारंपरिक “पकड़ौआ विवाह” से जोड़कर देख रहे हैं। मामला राजेश्वरी थाना क्षेत्र के राजेश्वरी पूर्वी पंचायत, वार्ड संख्या 10 का बताया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक दो दिन पहले शाम करीब पांच बजे अपनी प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजन और कुछ ग्रामीण वहां आ गए और युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने दबाव बनाकर वहीं उसकी शादी करा दी। पूरी घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब फेसबुक, व्हाट्सएप समेत कई प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ ग्रामीण युवक-युवती से सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं। युवक खुद को 22 वर्ष का बता रहा है, जबकि लड़की ने अपनी उम्र 15 वर्ष बताई है। लड़की के नाबालिग होने के दावे ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है, क्योंकि यदि यह सही पाया गया तो यह न सिर्फ जबरन विवाह का बल्कि बाल विवाह और अन्य कानूनी उल्लंघनों का भी मामला बन सकता है। फिलहाल, इस घटना को लेकर प्रशासन की ओर से स्थिति की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की सत्यता की पड़ताल की जा रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।


