महाराष्ट्र के लोनावला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवी मुंबई की 19 वर्षीय लॉ की छात्रा श्रेया पति की ट्रेकिंग के दौरान गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह अकेले ट्रेक पर निकली थीं।

ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, श्रेया 31 जनवरी 2026 को मुंबई से ट्रेकिंग के उद्देश्य से लोनावला पहुंची थीं। वह टाइगर पॉइंट वैली स्थित ड्यूक्स नोज इलाके में ट्रेक कर रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 390 फीट गहरी खाई में गिर गईं।
शाम तक नहीं लौटीं, परिवार ने शुरू की तलाश
जब श्रेया देर शाम तक घर नहीं लौटीं तो परिजन चिंतित हो गए। रात में ही वे लोनावला पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई।1 फरवरी की सुबह परिजनों ने लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच टाइगर पॉइंट क्षेत्र में एक बैग मिला, जिसे श्रेया का बताया गया। इसके बाद सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया।
ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से चला सर्च ऑपरेशन
सुबह करीब 11:30 बजे रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। दोपहर 2:30 बजे शिवदुर्ग रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और बाद में लाइटनिंग ड्रोन की मदद से सर्च अभियान चलाया। लगातार तलाश के बाद शाम करीब 4:45 बजे श्रेया का शव खाई में नजर आया।
जोखिम भरे हालात में निकाला गया शव
अंधेरा, दुर्गम रास्ते और खतरनाक ढलान के बावजूद रेस्क्यू टीम ने रस्सियों और स्ट्रेचर की सहायता से बेहद सावधानी से शव को बाहर निकाला। रात करीब 9:30 बजे शव पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


