किसानों की शिकायत पर तहसीलदार ने किया मौके का निरीक्षण
फतेहाबाद। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम जागराजपुर में रेलवे पुलिया के पास हाल ही में बनी नई पुलिया किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। पुलिया निर्माण के चलते किसानों का वर्षों से उपयोग में आ रहा कृषि मार्ग पूरी तरह समाप्त हो गया, जिससे खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान उनका एकमात्र रास्ता तोड़ दिया गया, लेकिन इसके बदले कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं दिया गया।
रेलवे विभाग द्वारा रास्ता उपलब्ध कराने से इनकार किए जाने के बाद किसानों में रोष व्याप्त है। समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी फतेहाबाद प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने शैलेश यादव सहित ग्राम जागराजपुर के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के साथ उपजिलाधिकारी फतेहाबाद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को शीघ्र आवागमन मार्ग दिलाने और रेलवे विभाग से समन्वय कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को तहसीलदार फतेहाबाद बबलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी फतेहाबाद प्रभारी राजेश कुमार शर्मा भी किसानों के साथ मौजूद रहे। तहसीलदार ने ग्रामीणों और किसानों की समस्याएं विस्तार से सुनीं तथा मौके पर पहुंचकर वास्तविक हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है।


