मथुरा | शनिवार तड़के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में छह यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास उस समय हुआ, जब बस से उतरे कुछ यात्री सड़क किनारे खड़े थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे। बताया जा रहा है कि बस चालक ने वाहन को निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में खड़ा करने के बजाय सड़क किनारे ही रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में सोनू (32), देवेश (32), असलम (27), संतोष (46), अनुराग (27) और प्रमोद (35) शामिल हैं, जो अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं। घायल यात्री को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मार्ग को साफ कर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस कंटेनर चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस घटना पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन रोके जाएं, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।


