करोड़ों के बजट वाली ‘मेलानिया’ UK बॉक्स ऑफिस पर फेल, दर्शकों ने दिखाई बेरुखी

अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘मेलानिया’ ब्रिटेन में रिलीज के साथ ही बुरी तरह पिटती नजर आ रही है। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि लंदन में प्रीमियर शो के लिए महज एक टिकट बिका, जबकि शाम के दूसरे शो में सिर्फ दो दर्शक पहुंचे। कई अन्य सिनेमाघरों में तो सीटें पूरी तरह खाली रहीं। अमेजन MGM स्टूडियोज द्वारा निर्मित इस फिल्म के अधिकार लगभग 40 मिलियन डॉलर में खरीदे गए थे, जबकि प्रमोशन पर भी भारी रकम खर्च की गई थी।
इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है और खुद मेलानिया ट्रंप इसमें एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में डोनाल्ड ट्रंप की 2025 की चुनावी जीत के बाद के 20 दिनों की कहानी दिखाई गई है, जिसमें व्हाइट हाउस वापसी, कूटनीतिक मुलाकातें और निजी जीवन के पहलुओं को पर्दे के पीछे से दिखाने की कोशिश की गई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर फिल्म को “मस्ट वॉच” बताते हुए दावा किया था कि टिकट तेजी से बिक रहे हैं, लेकिन ब्रिटेन में इसकी तस्वीर बिल्कुल उलट दिखाई दी।
यूके की प्रमुख सिनेमा चेन Vue के सीईओ टिम रिचर्ड्स के मुताबिक, कई शहरों में फिल्म को लेकर एडवांस बुकिंग बेहद कमजोर रही। लंदन के इस्लिंगटन के अलावा ब्लैकबर्न, कैसलफोर्ड और हैमिल्टन जैसे इलाकों में दर्जनों स्क्रीनिंग्स के लिए एक भी टिकट एडवांस में नहीं बिका। कुछ जगहों पर गिनती के टिकट बिके, लेकिन कुल मिलाकर दर्शकों की दिलचस्पी न के बराबर रही। रिचर्ड्स ने बताया कि फिल्म को दिखाने के फैसले पर उन्हें विरोध भरे ईमेल भी मिले थे, हालांकि सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने इसे रिलीज किया।
सोशल मीडिया पर भी इस डॉक्यूमेंट्री का मजाक उड़ाया जा रहा है। कई यूजर्स इसे “शर्मनाक फ्लॉप” बता रहे हैं और तंज कस रहे हैं कि आखिर वह एक टिकट किसने खरीदा होगा। फिल्म के निर्माण के दौरान अव्यवस्था और निर्देशक से जुड़े पुराने विवादों को भी इसके कमजोर प्रदर्शन की वजह माना जा रहा है। अमेरिका में भी ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन के अनुमान उम्मीद से काफी कम बताए जा रहे हैं।
अमेजन की योजना इसे बाद में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करने की है, लेकिन थिएटर रिलीज की सुस्त शुरुआत ने निवेश की भरपाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। माना जा रहा है कि ब्रिटिश दर्शकों के बीच ट्रंप परिवार को लेकर पहले से मौजूद मिश्रित राय का असर भी फिल्म की लोकप्रियता पर पड़ा है। भारी बजट और बड़े प्रमोशन के बावजूद दर्शकों की बेरुखी ने इसे ब्रिटेन में बड़ी असफलता की श्रेणी में ला खड़ा किया है।


