15.3 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में दर्दनाक घटना: सेवानिवृत्त दरोगा और पत्नी ने एक साथ की...

मेरठ में दर्दनाक घटना: सेवानिवृत्त दरोगा और पत्नी ने एक साथ की आत्महत्या

रक्षापुरम सेक्टर-4 में बुजुर्ग दंपती की रहस्यमयी मौत, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रक्षापुरम सेक्टर-4 स्थित मकान में सेवानिवृत्त दरोगा लल्लू सिंह (68) और उनकी पत्नी संतोष (65) के शव पंखे से लटके मिले। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या मान रही है, हालांकि अभी तक किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना का पता उस समय चला जब सुबह करीब नौ बजे घरेलू सहायिका रेखा साफ-सफाई के लिए घर पहुंची। उसने देखा कि मुख्य गेट समेत अंदर के सभी दरवाजे खुले हैं। जब वह कमरे की ओर गई तो दोनों के शव पंखे से दुपट्टों के सहारे लटके दिखाई दिए। घबराकर वह बाहर भागी और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, दोनों शव एक ही पंखे के ब्लेड से लटके थे। दो दुपट्टों को आपस में जोड़कर फंदा बनाया गया था। संतोष के पैर स्टूल को छू रहे थे, जबकि लल्लू सिंह के पैर हवा में झूल रहे थे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ली। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हैंगिंग से होना पुष्टि हुई है। लल्लू सिंह मूल रूप से हापुड़ जिला के ददायरा गांव के निवासी थे और यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक पद से वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनका इकलौता बेटा संदीप अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पास ही गंगाधाम कॉलोनी में रहता है। बेटी नीतू की शादी हो चुकी है और उसका पति भारतीय सेना में तैनात है।

पड़ोसियों और रिश्तेदारों का कहना है कि दंपती मिलनसार स्वभाव के थे और किसी तरह की परेशानी में नजर नहीं आते थे। रोजाना सुबह टहलने जाना और सामान्य घरेलू दिनचर्या उनका हिस्सा थी। ऐसे में इस घटना से सभी स्तब्ध हैं। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है और आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments