उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक महिला के साथ धोखाधड़ी और विश्वासघात का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने कुवैत में प्रेम संबंध बनाने के बाद महिला से निकाह किया, लेकिन भारत लौटने पर उसे आंध्र प्रदेश में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता शेख सैयदानी, जो चित्तूर जिला की रहने वाली हैं, ने बताया कि मुजफ्फरनगर के मोहल्ला लद्धावाला निवासी मोहम्मद आरजू से उनकी मुलाकात कुवैत में हुई थी। बातचीत बढ़ी, प्यार हुआ और दोनों ने वहीं शादी कर ली।
शादी के बाद दोनों भारत लौटे, लेकिन आरजू अपनी पत्नी को आंध्र प्रदेश में यह कहकर छोड़ गया कि वह जल्द ही उसे मुजफ्फरनगर ले जाएगा। इसके बाद उसने न तो संपर्क किया और न ही वापस लेने आया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने पति के मोबाइल पर दूसरी शादी से जुड़ा स्टेटस देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए वह अपनी एक साल की बच्ची को गोद में लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची और नगर कोतवाली में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आंसुओं और दर्द के साथ महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत सुनकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


