बटेश्वर में इंसानियत की मिसाल, नदी में कूदकर युवक ने बचाई मां और बच्ची
बटेश्वर के रानी घाट पर गुरुवार सुबह यमुना नदी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्नान के दौरान नदी के गहरे पानी में डूब रही सात वर्षीय बच्ची को बचाने के लिए उसकी मां ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते मां-बेटी दोनों की जान खतरे में पड़ गई। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के पिपरौली गांव निवासी सात साल की कशिश घाट पर स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को संकट में देख मां मंजू देवी ने भी नदी में कूदकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में संघर्ष करने लगीं।
घटना के समय घाट के पास नाव पर मौजूद युवक हरिओम भदौरिया ने हालात की गंभीरता को समझते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए यमुना में छलांग लगा दी। साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसने मां-बेटी दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिवारजनों में राहत की सांस ली। मंजू देवी की बहन तुलसी, डॉली, ज्योति, बुआ ऊषा देवी और अन्य परिजनों ने युवक का आभार जताया और इसे भगवान भोलेनाथ की कृपा बताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिवार अपने घर लौट चुका था।


