डिप्रेशन से जूझ रही युवती की आत्महत्या, कमरे से मिला भावुक सुसाइड नोट
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने कथित तौर पर अवसाद में आकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए किसी को भी अपनी मौत के लिए जिम्मेदार न ठहराने की बात लिखी है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय बरखा सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर के खोजी गांव की रहने वाली थी और बचपन से ही जलपुरा गांव स्थित ट्विंस बिल्डिंग में अपनी नानी के साथ रह रही थी। परिजनों के अनुसार, बरखा की मां का देहांत उसके बचपन में ही हो गया था, जबकि पिता उससे अलग रहते हैं।
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे बरखा अपने फ्लैट की छत पर गई और वहां से नीचे कूद गई। गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।m पुलिस को बरखा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि उसकी जिंदगी में अब कुछ भी शेष नहीं बचा है और वह अब आगे जीना नहीं चाहती। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए किसी व्यक्ति को दोषी न ठहराया जाए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बरखा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी। उसका सपना मेकअप आर्टिस्ट बनने का था और इसके लिए वह लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन निजी और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह निराशा में चली गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


