बृजभूषण राजपूत पर बीजेपी की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, प्रदेश अध्यक्ष ने भेजा नोटिस
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचाने वाले घटनाक्रम के बाद बीजेपी ने सख्त रुख अपनाया है। कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से जुड़े विवाद में पार्टी विधायक बृजभूषण उर्फ गुड्डू राजपूत को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। नोटिस प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी किया गया है, जिसमें सात दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। पार्टी नेतृत्व ने साफ किया है कि मंत्री के काफिले को रोकना और कथित रूप से उन्हें बंधक बनाने जैसी हरकतें अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं। ऐसे मामलों में पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि यदि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो विधायक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई संभव है।
मंत्री का जवाब और चुनौती
विवाद बढ़ने के बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उनके क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत और जल जीवन मिशन से जुड़ी गड़बड़ियों को ठोस सबूतों के साथ साबित किया जाता है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह बयान बुलंदशहर में विभागीय योजनाओं के लोकार्पण के दौरान दिया।
पूरा मामला क्या है
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में विधायक बृजभूषण राजपूत मंत्री के काफिले को बीच सड़क पर रोकते दिखाई दिए थे। इसके बाद वे मंत्री की गाड़ी में बैठकर अपने इलाके की जनसमस्याएं, खासकर जल संकट से जुड़े मुद्दे उठाते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पार्टी पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।


