शाही मेहमान के स्वागत को तैयार आगरा, ताजमहल देखेंगी थाई राजकुमारी
आगरा। भारत और थाईलैंड के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक और कूटनीतिक रिश्तों में एक और अहम अध्याय जुड़ने जा रहा है। इस कड़ी में थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नारिरत्ना फरवरी के दूसरे सप्ताह में आगरा का दौरा करेंगी, जहां विश्वविख्यात ताजमहल उनकी यात्रा का विशेष साक्षी बनेगा। पांच दिवसीय भारत भ्रमण पर आ रहीं राजकुमारी बैंकॉक से सीधे जयपुर पहुंचेंगी। इसके बाद वे जोधपुर होते हुए आगरा आएंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 10 फरवरी को शाम लगभग चार बजे वे विशेष विमान से खेरिया स्थित वायुसेना हवाई अड्डे पर उतरेंगी। उनके रात्रि प्रवास की भी संभावना जताई जा रही है।
राजकुमारी के आगमन को लेकर सुरक्षा और प्रोटोकॉल तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी ने बैंकॉक से आए शाही सुरक्षा अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की। ताजमहल भ्रमण के दौरान सुरक्षा कारणों से पर्यटकों की आवाजाही सीमित रखी जाएगी और परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात होंगे। प्रशासन के अनुसार, राजकुमारी का आगरा में राज्य अतिथि के रूप में स्वागत किया जाएगा। राजस्थान के ऐतिहासिक किलों के दर्शन के बाद उनका यह आगरा दौरा भारत-थाईलैंड मैत्री को और प्रगाढ़ करने वाला माना जा रहा है।


