33.7 C
Agra
Homeदुनियाभारत–अमेरिका ट्रेड में फिर टकराव, चावल बना सियासी मुद्दा

भारत–अमेरिका ट्रेड में फिर टकराव, चावल बना सियासी मुद्दा

अमेरिकी किसानों की शिकायत, ट्रंप ने भारतीय चावल पर उठाई उंगली

अमेरिका और भारत के व्यापारिक संबंधों में एक बार फिर तनाव के बादल मंडराते दिख रहे हैं। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृषि उत्पादों, खासतौर पर भारतीय चावल के आयात पर नए टैरिफ लगाने के संकेत दिए हैं। ट्रंप का कहना है कि भारत, थाईलैंड और चीन जैसे देश बेहद सस्ते दामों पर चावल अमेरिकी बाजार में उतार रहे हैं, जिससे स्थानीय किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। व्हाइट हाउस में किसानों से हुई एक बैठक के दौरान ट्रंप ने यह बयान दिया। बैठक में अमेरिकी राइस मिल कंपनी की सीईओ मेरिल कैनेडी ने दावा किया कि भारत, थाईलैंड और चीन अमेरिका में चावल की “डंपिंग” कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चीन भले सीधे अमेरिका में निर्यात न करे, लेकिन प्यूर्टो रिको के ज़रिये चावल भेजकर अमेरिकी किसानों के बाजार पर दबाव बना रहा है।

कैनेडी ने कहा कि मौजूदा टैरिफ कुछ हद तक असर दिखा रहे हैं, लेकिन किसानों को संरक्षण देने के लिए उन्हें और सख्त किए जाने की ज़रूरत है। इस पर ट्रंप ने चौंकते हुए सवाल किया – “क्या आप और टैरिफ चाहती हैं?” फिर उन्होंने साफ लहजे में कहा कि किसी भी देश को अमेरिकी बाजार में डंपिंग की इजाज़त नहीं दी जा सकती। बैठक के दौरान ट्रंप ने तत्काल ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को निर्देश दिया कि जिन देशों पर अनुचित प्रतिस्पर्धा का आरोप है, उन्हें औपचारिक रूप से चिह्नित किया जाए। उन्होंने खास तौर पर भारत का नाम लेते हुए सवाल किया कि अमेरिकी बाजार में भारतीय चावल को डंपिंग की अनुमति कैसे दी जा रही है, और इस पर टैरिफ क्यों नहीं लगाया गया।

इस पर बेसेंट ने जवाब दिया कि भारत के साथ व्यापार समझौते पर अभी बातचीत जारी है, इसलिए फिलहाल कोई विशेष रियायत नहीं दी गई है। ट्रंप ने दो टूक कहा कि “डंपिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” जब बात भारत को मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की उठी तो ट्रंप ने बीच में ही चर्चा रोकते हुए बेसेंट से कहा कि जिम्मेदार देशों के नाम सीधे लिखिए। इसके बाद एक बार फिर भारत, थाईलैंड और चीन को इस मामले में मुख्य दोषी देशों की सूची में शामिल किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments