अमेरिका से मेगा ट्रेड समझौता: किसानों के हित सुरक्षित, जानें डील की पूरी डिटेल
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लोकसभा में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से जुड़ी अहम जानकारियां साझा करते हुए कहा कि इस समझौते में भारत ने अपने संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से कृषि और डेयरी सेक्टर के हितों को पूरी मजबूती से सुरक्षित रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य और कृषि क्षेत्र से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को बातचीत के दौरान पूरी तरह ध्यान में रखा गया।
लोकसभा में मंत्री द्वारा बताई गई भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी 10 अहम बातें इस प्रकार हैं—
- भारत और अमेरिका के बीच हुआ यह मेगा ट्रेड डील दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा।
- कृषि क्षेत्र के हितों की पूरी तरह सुरक्षा की गई है, जिससे किसानों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा।
- बातचीत के दौरान भारतीय पक्ष ने अपने संवेदनशील सेक्टरों, खासकर कृषि और डेयरी, के हितों की प्रभावी रक्षा की।
- लगभग एक साल तक चली चर्चा के बाद दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में सफल रहे।
- 2 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत हुई।
- इस बातचीत के बाद अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर प्रस्तावित टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की।
- अमेरिका अन्य कई प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत पर पहले ज्यादा टैरिफ वसूल रहा था।
- इस समझौते से अमेरिकी बाजार में भारत की निर्यात प्रतिस्पर्धा और मजबूत होगी।
- श्रम-प्रधान उद्योगों और विनिर्माण क्षेत्र को इस डील से विशेष लाभ मिलेगा।
- सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद समझौते का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाएगा।
इसके अलावा मंत्री ने बताया कि भारत ने बीते छह वर्षों में कुल नौ व्यापार समझौते सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। अमेरिका के साथ हुआ यह समझौता इस वर्ष की दूसरी बड़ी डील है। इससे पहले भारत ने यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते की घोषणा की थी। वर्ष 2025 में भारत ने ओमान, न्यूजीलैंड और यूनाइटेड किंगडम के साथ, 2024 में EFTA के साथ, 2022 में ऑस्ट्रेलिया और यूएई के साथ तथा 2021 में मॉरिशस के साथ व्यापार समझौते किए थे।


