आगरा में आयोजित महासभा बैठक में शोषण के खिलाफ उठी आवाज
आगरा। संजय प्लेस स्थित एक होटल में रविवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा एवं ब्राह्मण प्रोफेशनल एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, लखनऊ, गोरखपुर समेत विभिन्न जिलों एवं प्रांतों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन की एकता का संदेश दिया।

बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती, भगवान परशुराम एवं महामना मदन मोहन मालवीय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, विप्र कल्याण आयोग के गठन तथा रुनकता को पर्यटन स्थल घोषित करने जैसी प्रमुख मांगें रखीं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बीडी शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज भारत की सनातन एवं वैदिक परंपराओं का संरक्षक है। समाज के खिलाफ अनावश्यक टिप्पणियां देश और संस्कृति को कमजोर करने की साजिश हैं। उन्होंने समाज से संगठित होकर भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रिका “ब्रज माधुर्य” भाग-2 का विमोचन भी किया गया। महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मधु भारद्वाज ने बताया कि पत्रिका ब्रज क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जिसमें ब्रज की संस्कृति, मंदिरों और ब्राह्मण समाज से जुड़ी जानकारी संकलित है।
प्रदेश अध्यक्ष पंडित त्रिभुवन शर्मा ने शिक्षा, राजनीति, रोजगार व न्याय व्यवस्था में सवर्ण समाज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए समान अवसर सुनिश्चित किए जाने की मांग की। पिछले वर्ष की गतिविधियों की रिपोर्ट राष्ट्रीय सचिव पंडित मुनीष चंद्र शर्मा ने प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में कई विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें अंजू अग्निहोत्री, अनिल शर्मा, कांति शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ दुबे, डॉ. शैलजा शर्मा व सूरज तिवारी प्रमुख रहे। मंगलाचरण एवं स्वस्तिवाचन पूनम वार्ष्णेय ने किया, जबकि स्वागत गीत कल्पना शर्मा और आरती शर्मा ने प्रस्तुत किया।
धन्यवाद ज्ञापन पंडित महेश शर्मा ने किया। बैठक में डॉ. पंकज नगायच, शशि तिवारी, दीप्ती भार्गव, आनंद शंकर शर्मा, अरुणकांत सारस्वत, नीलम शर्मा, ममता पचौरी, वंदना तिवारी, सुनीता झा, आकांक्षा शर्मा, विजया तिवारी, किरन शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


