बेंगलुरु के दक्षिणी इलाके में एक 65 वर्षीय महिला की उनके ही घर में हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। घटना बीटीएम लेआउट सेकंड स्टेज की केएएस कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान सविता शंकर के रूप में हुई है। इसी मामले में संदिग्ध घरेलू सहायक देवराजू (50) भी घर के एक कमरे में फांसी पर लटका मिला। देवराजू मूल रूप से तमिलनाडु के होसुर का रहने वाला था और सविता के घर में काम करता था।
रात में वारदात, सुबह हुआ खुलासा
पुलिस का कहना है कि यह घटना शनिवार देर रात हुई। रविवार तड़के लगभग 4:30 बजे मामले का पता तब चला जब सविता के पति दुबई से लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने डोरबेल बजाई, जिसे उनकी 27 वर्षीय बेटी ने खोला। बेटी पहली मंज़िल पर सो रही थी और दरवाज़ा खोलकर वापस अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब पति ग्राउंड फ्लोर के बेडरूम में पहुंचे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को मृत अवस्था में पाया। उसी कमरे में देवराजू का शव भी फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि बेटी को घटना की जानकारी नहीं थी, क्योंकि वह घर के दूसरे हिस्से में थी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।


