20.4 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशफूलापुर हत्याकांड: किसान दंपती की गोली मारकर हत्या, एक ही चिता पर...

फूलापुर हत्याकांड: किसान दंपती की गोली मारकर हत्या, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

सोते समय किसान दंपती की निर्मम हत्या, शादी से पहले उजड़ा परिवार

मैनपुरी जिले के बरनाहल थाना क्षेत्र स्थित गांव फूलापुर में किसान दंपती की निर्मम हत्या के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे ललित ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ सैकड़ों ग्रामीण अंत्येष्टि स्थल पर मौजूद रहे। दंपती की हत्या से उनके दो बेटों और बेटी के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी आरती बार-बार बेसुध हो जा रही थी। जब शवों को घर से श्मशान घाट तक ले जाया गया, तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। अंत्येष्टि स्थल पर बेटों ने माता-पिता के शवों से लिपटकर विलाप किया, जिसे देख वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके। चिता की अग्नि शांत होने तक दोनों बेटे वहीं बैठे रहे।

पहले भी हो चुकी थीं चोरी की कोशिशें

ग्रामीणों के अनुसार मृतक महेश चंद्र के घर में चार साल पहले नकब लगाकर चोरी की घटना हुई थी। उस समय नकदी और जेवरात एक डिब्बे में रखे थे, जिसे चोर खेत में फेंक गए थे और सामान बच गया था। इसके बाद भी एक माह पूर्व चोरी का प्रयास हुआ, जिसमें चोर असफल रहे और मौके पर बेलचा छोड़कर भाग गए थे। लगातार घटनाओं के चलते महेश चंद्र ने घर की बाउंड्री और छत पर भी सुरक्षा बढ़ा दी थी।

पुलिस और ग्रामीणों में हुई नोकझोंक

शवों को मोर्चरी ले जाते समय पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में पुलिस अधिकारियों को शवों के पास जाने से लोगों को रोकते हुए देखा जा सकता है।

बेहद करीब से मारी गईं गोलियां

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दंपती की हत्या 315 बोर के तमंचे से की गई। महेश चंद्र के जबड़े में गोली फंसी मिली, जबकि अनीता देवी के सिर से गोली आर-पार हो गई। दोनों के कनपटी के पास से बेहद नजदीक से गोली मारी गई थी। चिकित्सकों का अनुमान है कि दोनों की हत्या में कुछ ही सेकंड का अंतर रहा होगा और वारदात के समय वे गहरी नींद में थे।

लूट की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों का आरोप है कि छोटे बेटे की शादी के लिए बनवाए गए गहने और नकदी लूट ली गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments