फतेहाबाद रोड निरीक्षण के बाद सफाई और निर्माण गुणवत्ता सुधारने के आदेश
आगरा के फतेहाबाद रोड पर जेपी होटल के आसपास चार्जिंग के लिए आने वाली इलेक्ट्रिक बसों के फुटपाथ पर खड़े होने पर अब रोक लगा दी गई है। फुटपाथ को नुकसान पहुंचने की शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया। मंडलायुक्त कार्यालय से रमाडा होटल तक चल रहे विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, वहीं रमाडा होटल के पास स्थित श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण के लिए भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जोनल कार्यालय से कलाकृति तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने तत्काल सुधार के आदेश जारी किए। फतेहाबाद रोड पर पीएनसी होटल के पास खाली प्लॉट में फैली गंदगी को लेकर भूमि स्वामी को नोटिस देने, टीडीआई मॉल के पास ग्रीन बेल्ट की सफाई कराने और शराब के ठेके के आसपास गंदगी पाए जाने पर ठेका संचालक पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा बसई मंडी से इंदिरापुरम और इंदिरापुरम से अमर होटल के बीच सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। सड़क बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मार्ग को जल्द चालू करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


