20.4 C
Agra
Homeआगरापीबीआई भुगतान विवाद में सीएचसी परिसर बना अखाड़ा, तीन घायल

पीबीआई भुगतान विवाद में सीएचसी परिसर बना अखाड़ा, तीन घायल

इंसेंटिव को लेकर ब्लॉक मैनेजर और सीएचओ के बीच मारपीट, अस्पताल में हड़कंप

आगरा के फतेहाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (पीबीआई) के भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और दो सीएचओ के बीच हाथापाई हो गई। झगड़े में तीन लोग घायल हुए, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।

ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर लोकेंद्र तिवारी का आरोप है कि मोहम्मदपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात सीएचओ मुकेश कुमार शर्मा और लालपुरा के सीएचओ उमेश कुमार पिछले कई महीनों से उन्हें फोन पर धमका रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पत्नी ने 8 अगस्त 2025 को फतेहाबाद थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। गुरुवार सुबह मुकेश कुमार ने फोन कर पीबीआई भुगतान की मांग की, और जब उन्हें बताया गया कि इंसेंटिव अभी जारी नहीं हुआ है, तो कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। दोपहर में सीएचसी परिसर के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल अधीक्षक ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप रावल का कहना है कि संबंधित सीएचओ पहले भी स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार कर चुके हैं और उन्हें भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को उप स्वास्थ्य केंद्र पेतीखेड़ा पर एएनएम रीमा के साथ भी अभद्रता की शिकायत मिली थी। पूरे प्रकरण की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस के अनुसार, घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments