
भारतीय नौसेना दिवस के अवसर पर पूरा देश अपने समुद्री योद्धाओं को नमन कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई शीर्ष नेताओं ने नौसैनिकों को साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि भारतीय नौसेना अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। वे देश के तटों की सुरक्षा करते हुए समुद्री सीमाओं पर मजबूत प्रहरी की भूमिका निभा रहे हैं। पीएम ने आत्मनिर्भरता और आधुनिक तकनीक को अपनाने के लिए नौसेना की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारत की रक्षा क्षमता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने आईएनएस विक्रांत पर जवानों के साथ बिताई दिवाली को अपना अविस्मरणीय अनुभव बताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना आज एक प्रभावशाली शक्ति बन चुकी है। उन्होंने नौसेना के कर्मियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका साहस, सजगता और आत्मनिर्भरता के प्रति समर्पण भारत के समुद्री हितों की रक्षा कर रहा है और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूती दे रहा है।

वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने नौसेना को देश की शान बताते हुए लिखा कि भारतीय नौसेना समुद्र में खड़ा भारत का मजबूत किला है। अजेय पराक्रम से सुसज्जित नौसैनिक हर चुनौती से देश की रक्षा करते हैं और समुद्री रास्तों से हो रही प्रगति को सुरक्षित बनाते हैं। उन्होंने शहीद जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी कुर्बानी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
केरल तट पर दमदार शक्ति प्रदर्शन
नौसेना दिवस के मौके पर केरल के शंगुमुघम तट पर भारतीय नौसेना ने अपनी युद्ध तैयारियों और आधुनिक क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष रूप से मौजूद रहीं।
नौसेना अधिकारियों के मुताबिक इस ड्रिल में स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, एक पनडुब्बी, चार युद्ध नौकाएं, 19 प्रमुख युद्धपोत और 32 एयरक्राफ्ट शामिल थे। इनमें लड़ाकू जेट, निगरानी विमान और हेलीकॉप्टर भी शामिल रहे, जिन्होंने नौसेना की बहु-आयामी युद्ध क्षमता का अनूठा नज़ारा पेश किया।


