नई दिल्ली, सोमवार शाम — राजधानी दिल्ली एक बार फिर धमाके की गूंज से दहल उठी। लाल किले के पास सोमवार शाम एक आई-20 कार में हुए विस्फोट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। इस भयावह घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 5 की हालत नाज़ुक बनी हुई है।

कौन था कार में सवार व्यक्ति?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस कार में धमाका हुआ, उसमें फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा डॉ. उमर मोहम्मद सवार हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। दिल्ली पुलिस ने कार में मिले शव का डीएनए टेस्ट कराने का निर्णय लिया है, जिससे यह तय होगा कि मारा गया व्यक्ति वास्तव में उमर मोहम्मद ही है या कोई और।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, NIA की जांच संभव
दिल्ली पुलिस ने इस विस्फोट के बाद कई धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच स्पेशल सेल और लोकल पुलिस कर रही है, लेकिन चूंकि इस केस का संबंध फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से जुड़ता दिख रहा है, इसलिए अब NIA को जांच सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है।
मृतक और घायलों की सूची जारी
घटना में घायल और मृत लोगों की सूची सामने आई है। इनमें कई की पहचान हो चुकी है, जबकि कुछ अभी भी अज्ञात हैं। प्रमुख नाम इस प्रकार हैं —
- शायना परवीन, पुत्री मोहम्मद सैफुल्लाह, मीर रोड, दिल्ली (घायल)
- हर्षुल, पुत्र संजीव सेठी, गदरपुर, उत्तराखंड (घायल)
- अशोक कुमार, पुत्र जगबंश सिंह, अमरोहा, उत्तर प्रदेश (मृत)
- भवानी शंकर शर्मा, संगम विहार, दिल्ली (घायल)
- विनय पाठक, आया नगर, दिल्ली (घायल)
- मोहम्मद शहनवाज, दरियागंज, दिल्ली (घायल)
- मोहम्मद सफवान, सीताराम बाजार, दिल्ली (घायल)
- अन्य कई घायल और मृतक अज्ञात हैं, जिनकी पहचान प्रक्रिया जारी है।
धमाके से पहले कार का रूट
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह आई-20 कार हरियाणा के फरीदाबाद से दिल्ली में बदरपुर बॉर्डर के रास्ते दाखिल हुई थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार पहले आमिर के नाम पर थी, जिसने इसे तारिक को दी, और बाद में तारिक ने इसे डॉ. उमर मोहम्मद के हवाले किया।
दिल्ली-मुंबई में हाई अलर्ट
दिल्ली में इस धमाके के बाद मुंबई पुलिस ने भी सुरक्षा कड़ी कर दी है। खासतौर पर सिद्धिविनायक मंदिर और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
रातभर सर्च ऑपरेशन, चार लोग हिरासत में
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज, दरियागंज और लाल किला क्षेत्र में रातभर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


