खेलों के विकास पर पीवी सिंधु का भरोसा, तेलंगाना सरकार को सराहा
तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट 2025 में शामिल हुई देश की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा खेलों को दिए जा रहे समर्थन की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित स्पोर्ट्स हब और आधुनिक खेल सुविधाएँ आने वाले समय में भारतीय खेल प्रतिभाओं को मजबूत आधार प्रदान करेंगी और देश को ज़्यादा पदक जीतने में मददगार साबित होंगी। एएनआई से बातचीत में सिंधु ने कहा कि मुख्यमंत्री खेलों को लेकर बेहद सहयोगी और दूरदर्शी सोच रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार का विज़न राज्य में खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं और उच्च स्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराएगा। इससे एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए मजबूत तैयारी मिलेगी।
सिंधु ने ज़मीनी स्तर पर खेलों के विकास को बेहद अहम बताते हुए कहा कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए प्रशिक्षित और शिक्षित कोचों के साथ-साथ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग एक्सपर्ट्स की भूमिका भी अहम होगी। उनका कहना था कि सही मार्गदर्शन तब ही संभव है, जब कोच स्वयं तकनीकी रूप से दक्ष और आधुनिक प्रशिक्षण विधियों से परिचित हों। उन्होंने राज्य सरकार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेलों का वास्तविक विकास मज़बूत नींव से होता है और यह शुरुआत बच्चों व युवा खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने से ही संभव है।
समिट में मौजूद पूर्व राष्ट्रीय शटलर और प्रसिद्ध कोच पुलेला गोपीचंद ने भी मुख्यमंत्री के विज़न की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार के प्रयास खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम हैं। गोपीचंद ने सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खेल और शारीरिक गतिविधि को जरूरी बताते हुए बच्चों को खेलने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर ज़ोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा। उनके अनुसार, यह पहल न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाएगी बल्कि देश में खेलों के भविष्य को और मजबूत बनाएगी।


