रायबरेली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि पांच की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। यह घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग एक रिश्तेदार के यहां तेरहवीं भोज में शामिल होने के बाद पैदल लौट रहे थे। कुछ लोग रास्ते में रुककर सेल्फी ले रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रश्मी (14) और आसमा (22) ने दम तोड़ दिया। घायलों में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) शामिल हैं।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इस बीच, भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेता भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। भाजपा विधायक मनोज कुमार पांडे ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने सरकार से मृतकों और घायलों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की और कहा कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।


